Health Benefits and Side Effects of Watermelon
हेल्थ

अच्छा ही नहीं हानिकारक भी हो सकता है तरबूज आपके स्वास्थय के लिए

गर्मियों के मौसम में कई तरह के स्वाद और ठंडक देने वाले फलों का सेवन सामान्य तौर पर किया जाता है। इसी तरह का एक खूबसूरत और ठंडक पहुंचाने वाला फल है तरबूज। तरबूज खाने से व्यक्ति को शारीरिक तौर पर कई लाभ मिलते हैं। एक ओर जहां यह सेहत को स्वस्थ और तंदुरुस्त बनाए रखता है, वहीं दूसरी ओर इसके सेवन से शरीर में पानी की कमी नहीं होती। शरीर में पानी की पूर्ति करने के अलावा तरबूज में कई खास गुण मौजूद होते हैं। इसमें भरपूर मात्रा में फाइबर, आयरन, पोटेशियम जैसे पोषक तत्व मौजूद होते हैं। इनके अलावा विटामिन सी, बी और ए से भरपूर तरबूज में लाइकोपीन नामक तत्व भी उपस्थित होता है, जो एंटी ऑक्सीडेंट की तरह कार्य करता है।

इसके साथ-साथ देखा जाए तो तरबूज एक ऐसा फल है जिसे खाने से पेट काफी भरा हुआ महसूस होता है और इससे अधिक भूख भी नहीं लगती, जिससे वजन कम होने की संभावना रहती है। तरबूज के ये फायदे तो आप सभी को बखूबी पता होंगे पर क्या आप जानते हैं कि तरबूज फायदेमंद होने के साथ-साथ हानिकारक भी हो सकता है। जब तरबूज का अधिक सेवन किया जाए तो इससे शारीरिक तौर पर कई समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। कहा जाता है यदि कोई वस्तु हमारे लिए फायदेमंद होती है तो उसके अत्यधिक इस्तेमाल से होने वाले नुकसान भी अधिक होते हैं। इसी तरह से तरबूज भी फायदेमंद होने के साथ-साथ नुकसान भी पहुंचा सकता है। आइए जानते हैं तरबूज से होने वाले कुछ फायदे और इसके अधिक इस्तेमाल से होने वाले नुकसान के बारे में।


तरबूज से होने वाले लाभ


-  तरबूज के सेवन से मनुष्य को कई तरह के लाभ मिलते हैं। तरबूज गर्मी से बचाने के साथ-साथ शरीर को तरोताजा बनाने में भी मदद करता है। इससे व्यक्ति के शरीर में पानी की कमी नहीं होती।

-  तरबूज में भारी मात्रा में फाइबर पाया जाता है जिससे पेट में होने वाली कब्ज की समस्या भी खत्म हो जाती है।

-  तरबूज विटामिन ए का एक प्रमुख प्राकृतिक स्रोत है जिससे आपकी आंखें स्वस्थ रहती हैं।

- तरबूज का सिर्फ लाल भाग ही नहीं बल्कि उसके सफेद हिस्से में भी सेहत के लिए लाभदायक कई राज छुपे हैं। सफेद भाग शरीर को विभिन्न प्रकार के रोगों से दूर रखता है क्योंकि इसमें मैग्निशियम, कार्बोहाइड्रेट, पोटैशियम, जिंक और विटामिन जैसे पोषक तत्व अधिक मात्रा में पाए जाते हैं।

- तरबूज में पोटेशियम की मात्रा अधिक होती है जिससे यह इलेक्ट्रोलाइट फंक्शन को बनाए रखने में सहायता करता है। इसके अलावा पोटेशियम के सेवन से मनुष्य का दिल और हड्डियां दोनों मजबूत रहती हैं। 

- तरबूज में उपस्थित लाइकोपिन त्वचा को कसाव देने और जवां बनाए रखने में सहायता करता है। इससे त्वचा में चमक उत्पन्न होती है।


यदि किसी व्यक्ति के शरीर में खून की कमी है तो इसे पूरी करने में भी तरबूज मदद करता है। कहा जाता है कि 100 ग्राम तरबूज में लगभग 0.2 मिलीग्राम के बराबर आयरन मौजूद होता है। यह खून की कमी नहीं होने देता।

सेहत को स्वस्थ और मजबूत बनाने वाला यह फल कभी-कभी हानिकारक भी हो सकता है। इसलिए विशेषज्ञों के अनुसार तरबूज का अधिक सेवन नहीं करना चाहिए। इससे शारीरिक रूप से कई नुकसान पहुंच सकते हैं।


तरबूज के अत्यधिक सेवन से होने वाले नुकसान


तरबूज के अत्यधिक सेवन से शरीर को कई तरह की समस्याएं हो सकती हैं।

ब्लड शुगर बढ़ना


तरबूज एक ऐसा फल है जिसमें प्राकृतिक रूप से मिठास विद्यमान रहती है। इससे शरीर में ब्लड शुगर लेवल बढ़ना स्वाभाविक है। विशेषज्ञों के अनुसार तरबूज में अधिक मात्रा में ग्लाइसेमिक इंडेक्स पाया जाता है। इसके सेवन से शरीर में ग्लूकोस अधिक हो जाता है। इस कारण ब्लड शुगर लेवल बढ़ने जैसी समस्या उत्पन्न हो सकती है। डॉक्टर के अनुसार डायबिटीज के रोगियों को तरबूज का सेवन बहुत ही कम मात्रा में करना चाहिए क्योंकि इसके अधिक सेवन से खतरा बढ़ सकता है।


पाचन पर पड़ता है बुरा प्रभाव


जी हां! तरबूज के सेवन से एक ओर जहां सेहत मजबूत होती है, वहीं दूसरी ओर पाचन पर इसका बुरा प्रभाव पड़ सकता है। दरअसल तरबूज में प्रचुर मात्रा में फाइबर पाया जाता है जिसके अत्यधिक सेवन से पेट फूलना और एसिडिटी होने जैसी समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। इसके अलावा तरबूज का सेवन यदि जरूरत से ज्यादा किया जाए तो इससे लूज मोशन (दस्त) जैसी गंभीर परेशानी भी हो सकती है। इसलिए तरबूज के अत्यधिक सेवन से हमेशा बचना चाहिए।


होता है ओवरहाइड्रेशन


तरबूज एक ऐसा फल है जिसमें 92% तक  पानी होता है। इस वजह से ही तरबूज का उपयोग शरीर को हाइड्रेटेड रखने के लिए किया जाता है, परंतु यदि इसे आवश्यकता से अधिक खाया जाए तो शरीर में पानी की मात्रा काफी अधिक बढ़ जाती है। इससे शरीर में उपस्थित रक्त का वॉल्यूम भी बढ़ने लगता है और व्यक्ति को थकान के साथ-साथ पैरों में सूजन जैसी बड़ी परेशानियां होने लगती हैं। इसलिए हो सके तो तरबूज का इस्तेमाल जरूरत के अनुसार ही करें।


हृदय से संबंधित समस्या


तरबूज में अधिक मात्रा में पोटेशियम जैसा पोषक तत्व उपस्थित होता है। इससे शरीर को मजबूत रखने में काफी सहायता मिलती है परंतु तरबूज के अत्यधिक सेवन से यही पोटैशियम शरीर पर विपरीत प्रभाव डालता है। इससे व्यक्ति को दिल की धड़कन तेज होना, पल्स रेट में कमी आना तथा अन्य अनेक प्रकार की समस्याएं होने लगती हैं। इसलिए तरबूज का अत्यधिक सेवन बिल्कुल भी नहीं करना चाहिए।

डिस्क्लेमर: यह टिप्स और सुझाव सामान्य जानकारी के लिए हैं, इन्हे किसी डॉक्टर या फिर स्वस्थ्य स्पेशलिस्ट की सलाह के तौर पर न लें, बिमारी या किसी संक्रमण की स्थिति में डॉक्टर की सलाह से ही अपना इलाज करवाएं।

Trending Products (ट्रेंडिंग प्रोडक्ट्स)